Weather Update: उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। लू के चलते लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन अब अच्छी ख़बर है क्योंकि मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, और बिहार जैसे राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसके चलते गर्मी से लोग बेहाल हैं।
लेकिन अब भारतीय मौसम विभाग विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के अंदर मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। 13 जून को सामने आए मौसम अपडेट के तहत पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रारंभिक प्रगति के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटों के भीतर दिल्ली, उत्तरखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में खासतौर से पहाड़ी क्षेत्रों को बारिश गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
यहां 40 से 50 किलोमीटर घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पंजाब, हरियाणा, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी छिटपुट बारिश से तापमान में कमी आएगी। साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, और झारखंड में हल्की बारिश के साथ उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में लू की स्थिति अभी भी गंभीर बनी रहेगी। हालांकि पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर भारत में गर्मी बनी रहने वाली है और इस वजह से लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। पहले भी मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर के बाहर नहीं निकालने की सलाह दी थी।