वक्त से पहले आए मानसून ने मचाई तबाही, इन 8 राज्यों में अलर्ट, जानिए आपके शहर में कब देगा दस्तक

Monsoon 2025

वक्त से पहले आए मानसून ने मचाई तबाही, इन 8 राज्यों में अलर्ट, जानिए आपके शहर में कब देगा दस्तक

Amit Dev Sharma

Published on:

न्यूज़ डेस्क। मानसून (Monsoon 2025) के जल्द आने से देश के कई राज्यों के मौसम ने करवट बदल ली है। केरल के बाद महाराष्ट्र भी मानसून जल्द पहुंच गया है। यही नहीं अब आठ राज्यों में अगले पांच दिनों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र की राजधानी और मायानगरी मुंबई में मानसून समय से 16 दिन पहले पहुंच गया और इसके साथ ही मई माह में सर्वाधिक बारिश का 107 वर्ष का रिकॉर्ड भई टूट गया। मौसम विभाग ने पहले जहां मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जिसे सोमवार सुबह बदलकर रेड अलर्ट कर दिया गया था। यही नहीं मंगलवार को भी इन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार को मुंबई में दस्तक दी। पिछले 75 सालों में पहली बार मानसून इतनी जल्दी पहुंचा है। 1956 में मानसून 29 मई को मुंबई पहुंचा था और 1962 और 1971 में भी इसी दिन पहुंचा था। मानसूनी बारिश ने मुंबई में भी तांडव मचाया है और लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। महाराष्ट्र में बारिश से बिगड़ते हालात को देखते हुए 13 एनडीआरएफ और दो एसडीआरएफ की टीमें लगाई गई हैं।

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
महाराष्ट्र के साथ ही जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, कर्नाटक, महाराष्ट्र के लिए मौसम विभाग ने आज भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग की माने तो दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र तक पहुंच गया। एक दो दिनों में आंध्र के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना है। मानसून समय से पहले ही तेलंगाना के अलावा मिजोरम के शेष हिस्सों, पूरे त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सा तक पहुंच गया है।

यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तर पश्चिम भारत के कई इलाकों में सोमवार को मौसम में ज्यादा गर्मी नहीं देखी गई। अब मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उसके बाद चार -पांच दिनों में पारा 3 से 4 डिग्री बढ़ने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब हरियाणा, यूपी, राजस्थान में 27 मई से 1 जून तक आंधी बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश में ओलवृष्टि की संभावना भी है।

जुड़े रहें ➥