न्यूज़ डेस्क।। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon Update) ने अपनी रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार दिखाई है। मानसून ने अब तक कई राज्यों में अपनी पहुंच दर्ज कराई है। भारतीय मौसम विभाग की माने तो 24 मई को केरल में सामान्य से 8 दिन पहले प्रवेश करने वाला मानसून पिछले कुछ दिनों से तेजी से आगे बढ़ा है। 26 मई तक मानसून जहां मध्य अरब सागर, मुंबई सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, और बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों तक पहुंच गया था।
मानसून को लेकर कई राज्यों के लिए अब संभावनाएं जाहिर की जाने लगी हैं। साथ ही अलर्ट भी जारी लगातार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में मानसून के 8 जून तक दस्तक देने का अनुमान है, जो सामान्य से 5 दिन पहले होगा। साथ ही मध्यप्रदेश में जून के पहले सप्ताह में, बिहार में 10-15 जून, और उत्तर प्रदेश में 15-20 जून तक मानसून के पूरी तरह पहुंचने की संभावना् है।
अगले 24 घंटों के भीतर कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। साथ ही अन्य जिलों में येला अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मध्य प्रदेश के खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, और बैतूल जैसे जिलों में 2.5 से 4.5 इंच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र, गोवा, और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में 50-70 किमी/घंटा की हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावानी जारी की गई है।
साथ ही बता दें कि पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। पूर्वात्तर राज्यों में अब तक बारिश ने काफी तबाही मचाई है। इन राज्यों बाढ़ के हालात हैं। असम, मणिपुर, और मिजोरम में लैंडस्लाइड्स और जलभराव से 30 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य राज्यों की बात करें तो दिल्ली, हरियाणा, और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी का अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र के कारण बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।