न्यूज़ डेस्क। देश का मौसम (Weather) इन दिनों काफी गर्म बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू की वजह से उत्तर भारत बेहाल चल रहा है। खुले मैदानों से लेकर पहाड़ों तक लोग गर्मी से बुरी तरह झुलस रहे हैं। देश की राजधानी दिल्ली का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, लेकिन हीट इंडेक्स 50.8 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) ने पूर्व में जारी येलो अलर्ट को बदलकर अब रेड अलर्ट किया है। रेड अलर्ट में लोगों को सीधे धूप से बचने और दोपहर में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आसमान से बरसी आग
दिल्ली में बुधवार को भी तेज धूप और 20 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गर्म हवाओं ने लोगों को हाल बेहाल किया है। उत्तरप्रदेश भी भीषण गर्मी से झुलस रहा है। सोमवार को 24 जिले में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक का तापमान रहा। दक्षिण-पश्चिमी हिस्से को अब भी लू से राहत नहीं मिलती दिख रही है। हालांकि पांच जिलों में लू का प्रभाव है।
हरियाणा भी लू के चपेट में
हरियाणा के 9 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। 15 जिलों में येलो व पांच में ऑरेंज अलर्ट है। सर्वाधिक तापमान उरई में 45.2 दर्ज किया गया। राजस्थान के साथ लगते हरियाणा के नौ जिलों में भी लू के लिए रेड अलर्ड है। बिहार की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 42.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
पंजाब से लेकर राजस्थान में गर्मी
पंजाब में भीषण गर्मी के प्रकोप से एक व्यक्ति की मौत की ख़बर है। बुधवार को अमृतसर का अधिक तापमान 44.8 व लधियाना का 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू कश्मीर के पांच जिलों में जहां पारा 40 के पार है, वहीं राजस्थान भी भीषण गर्मी से बेहाल हो गया है। बुधवार को श्रीगंगानगर में 47 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। बाड़मेर , जैसलमेर और जयपुर में गर्मी का तांडव है।
कब से हैं बारिश के आसार
मौसम विभाग की माने तो गुरुवार के बाद मौसम बदल सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ 13 जून की रात से उत्तर -पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे हल्कि बारिश और गरज के साथ बौछारें आ सकती हैं।